व्यापारी एवं प्रबुद्ध जनों के संवाद कार्यक्रम में बोले सांसद—यह बजट सर्वसमावेशी विकास की मजबूत नींव
दमोह08 Feb.2026/प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सशक्त दस्तावेज है। यह विचार दमोह लोकसभा सांसद राहुल सिंह लोधी ने स्थानीय टाउन हॉल में आयोजित केंद्रीय बजट विषयक व्यापारी एवं प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
सांसद लोधी ने कहा कि इस बजट में विकसित भारत की स्पष्ट झलक देखने को मिलती है। उन्होंने बताया कि यह भारतीय संसदीय इतिहास में पहली बार हुआ है जब 1 फरवरी को प्रस्तुत होने वाला बजट रविवार होने के बावजूद उसी निर्धारित तिथि को पेश किया गया, जो केंद्र सरकार की कार्यशैली, पारदर्शिता और संवैधानिक परंपराओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में किसान, युवा, महिला, व्यापारी, मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग—सभी के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए योजनाएं और प्रावधान किए गए हैं। यह बजट केवल आय-व्यय का विवरण नहीं, बल्कि देश के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक भविष्य की दिशा तय करने वाला विजन डॉक्यूमेंट है।
सांसद लोधी ने वैश्विक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया ट्रेड वॉर और आर्थिक अस्थिरता जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में न केवल इन चुनौतियों का मजबूती से सामना कर रहा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने राष्ट्रीय हितों का प्रभावी ढंग से पक्ष भी रख रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
अपने संबोधन में सांसद श्री लोधी ने कांग्रेस एवं विपक्षी दलों की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई स्पष्ट दृष्टि है और न ही देश के विकास के लिए कोई ठोस रोडमैप। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सभी सांसदों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे जनता के बीच जाकर नवाचार एवं विकास से जुड़े सुझाव प्राप्त करें, ताकि जमीनी स्तर से आए व्यावहारिक सुझावों को शासन की नीतियों में शामिल किया जा सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी दमोह के जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन इस बजट में पूरी तरह परिलक्षित होता है। उन्होंने बजट में किए गए प्रमुख प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत, रोजगार सृजन, उद्योग एवं व्यापार को प्रोत्साहन तथा आर्थिक सुदृढ़ता की दिशा में एक मजबूत और निर्णायक कदम है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मिकी, मध्यप्रदेश शासन के वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, नरेन्द्र बजाज, अमर सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष संजय सेन, रामेश्वर चौधरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण, सामाजिक प्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। संवाद कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों ने बजट को लेकर अपने विचार साझा किए और केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
