शराब के नशे में गाली-गलौज व मारपीट के आरोप, शिकायत वापस लेने के लिए देर रात दबाव बनाने का भी आरोप
दमोह। करणी सेना परिवार (टीम जीवन सिंह शेरपुर) के पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक, दमोह को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने आरोप लगाया है कि 6 नवंबर 2025 को थाना पथरिया क्षेत्र में पंकज आरक्षक, मनीष चौधरी, इन्द्रजीत लोधी और अमन लोधी द्वारा शराब के नशे में गाली-गलौज एवं मारपीट की गई थी। इस संबंध में पूर्व में आवेदन प्रस्तुत किया गया था, किंतु अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से संगठन में रोष व्याप्त है।
ज्ञापन में कहा गया है कि घटना के बाद भी आरोपियों के हौसले कम नहीं हुए। संगठन के अनुसार 13 जनवरी 2026 की देर रात लगभग 3 बजे संबंधित आरोपी पुनः पीड़ित के घर पहुंचे और कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान परिवार के सदस्यों को धमकाया भी गया। करणी सेना परिवार का दावा है कि उक्त घटना के वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिनमें आरोपियों की मौजूदगी और गतिविधियां स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं।
संगठन के जिला प्रमुख नितिन सिंह तोमर ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि यदि समय रहते आरोपियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो इससे कानून व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने मांग की है कि वीडियो साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा आवश्यक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता की जाए।करणी सेना परिवार ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति होती है या प्रशासन की ओर से लापरवाही बरती जाती है तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन के साथ पूर्व में दिए गए आवेदन पत्र की प्रति भी संलग्न की गई है।संगठन ने पुलिस प्रशासन से अपेक्षा की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित पक्ष को न्याय मिल सके और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।
