दमोह: 25 दिसम्बर / पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर दमोह सांसद राहुल सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजन संपन्न हुआ। समारोह में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत दमोह जिले के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, प्रदेश स्तर के खिलाड़ी, महोत्सव के विजेता प्रतिभागी एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राहुल सिंह ने कहा यह कार्यक्रम जिले की सातों तहसीलों सहित संपूर्ण लोकसभा क्षेत्र में आयोजित किया गया। सांसद श्री लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आह्वान पर पूरे देश में एक साथ सांसद खेल महोत्सव का आयोजन संभव हो सका। उन्होंने बताया कि 16 नवम्बर से मैराथन के साथ इस महोत्सव की शुरुआत हुई थी, जिसके बाद वॉलीबॉल एवं कबड्डी प्रतियोगिताएं लोकसभा क्षेत्र की सभी 08 विधानसभाओं में आयोजित की गईं। इन खेलों के फाइनल मुकाबले दमोह में संपन्न हुए।
सांसद राहुल सिंह ने कहा इस समापन समारोह में देशभर से 290 से अधिक लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन कराया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना है कि केवल पढ़ाई-लिखाई ही नहीं, बल्कि खेल के क्षेत्र में भी उज्ज्वल करियर बनाया जा सकता है। वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के व्यापक अवसर मिले हैं। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि दो महीने तक चले इस सांसद खेल महोत्सव में 08 विधानसभाओं से लगभग 8000 बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हॉकी, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। सांसद श्री लोधी ने कहा आगामी वर्ष इस महोत्सव को और अधिक भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। अंत में सांसद राहुल सिंह ने लोकसभा क्षेत्र के सभी विधायकों, मंत्रियों, तीनों जिलों के अध्यक्षों, जिला प्रशासन एवं खेल विभाग का आभार व्यक्त किया, जिनके सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक संबोधन का प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने ध्यानपूर्वक सुना।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, जनपद अध्यक्ष प्रीति राजू ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं खेल जगत से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
