दमोह नगर के विभिन्न मार्गों से निकली कलश यात्रा में उमडी भारी भीड

दमोह,4 जनवरी/ देश में हिन्दु सम्मेलनांे के आयोजनों को लेकर तैयारियां चल रही हैं दमोह नगर में इसी बिषय को लेकर कलश यात्रा निकाली गयी। भारतीय परपंरा और सनातन धर्म की मान्यताओं के अनुरूप दमोह नगर के श्रीशिव हनुमान जेल मंदिर में कलशों का पूजनार्चन वेद मंत्रोें के उच्चारण के साथ विप्रों,पुरोहितों ने सम्पन्न कराया। जहां जयश्रीराम एवं भारत माता के जयकारों से परिसर गुंजायमान होता रहा। विदित हो कि आगामी 15 जनवरी से 30 जनवरी के मध्य हिन्दु सम्मेलनों के आयोजनों को लेकर रूप रेखा तय की गयी है। दायित्ववान कार्यकर्ताओं को आयोजन से जुड़ी जानकारीयों के साथ कलश वितरण आज 4 जनवरी को किया गया। आयोजन से संबधित जानकारियों को वक्ताओं ने उपस्थितों के समक्ष रखते हुये कहा कि यह आयोजन गैर राजनीतिक और किसी संघटन का नहीं होकर समाज के लोगों का है और नगर की 20 बस्तियों में इस कार्यक्रम को आयोजित कराया जाएगा। इसे सफल बनाने हेतु सम्मेलन में समाज के हर वर्ग, हर जाति, हर तबके के महिला, पुरुषों और बच्चों को आमंत्रित करते हुए समाज को एक और मजबूत बनाना है। हिंदू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज के हर तबके को एक साथ जोड़कर समाज के बीच पनपने वाले जाति और वर्ग की वैमनस्यता को खत्म करना और उनके बीच सामाजिक समरसता लाना है। इस आयोजन में हर समाज के मातृशक्ति, युवा, अनुभवी और सामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के साथ प्रत्येक परिवार और व्यक्ति को जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य समाज को एक, मजबूत और शक्तिशाली बनाना है क्योंकि संगठित समाज ही मजबूत और सशक्त राष्ट्र की नींव होगी। विदित हो कि महाराणा प्रताप उपनगर में जबलपुर नाका,नेमीनगर,स्वामी विवेकानंद,जटाशंकर,बेलाताल,न्यू दमोह,केशव उपनगर में विजयनगर,झूलेलाल,हिरदेपुर,सागर नाका,गायत्री बस्ती, गजानन उपनगर अंतर्गत गजानन,राधा रमन,महाकाली,शोभा नगर,धरमपुरा पलंदी उपनगर अंतर्गत नरसिंह,लोको इमलाई,गुरुनानक क्षेत्र में आयोजित किये जायेंगे।
