भोपाल, 26 दिसम्बर/ भाजपा के प्रदेश हेमंत खण्डेलवाल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीर बाल दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में वीर बाल दिवस के अवसर पर साहिबजादे जोरावर सिंह एवं फतेह सिंह के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि वीर बाल दिवस आने वाली पीढ़ियों को बलिदान और धर्मनिष्ठता का संदेश देता है। साहिबजादों की शहादत से देशभक्ति और संस्कारों की सीख मिलती है। वीर बाल दिवस का उद्देश्य है कि हम आने वाली पीढ़ी को बताएं कि बलिदान और धर्म के प्रति निष्ठा क्या होती है। हम आज के दिन हर हमारे नवयुवकों को इससे प्रेरणा लेने की सीख दें। 26 दिसंबर को मनाया जाने वाला वीर बाल दिवस सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह जी एवं बाबा फतेह सिंह जी की अमर शहादत की स्मृति में मनाया जाता है। मात्र 6 और 9 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने मुगल शासकों के अत्याचारों के सामने डटकर खड़े होकर अपने धर्म की रक्षा हेतु सर्वोच्च बलिदान दिया। गुरु गोबिन्द सिंह जी के साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिसने राष्ट्र और धर्म के लिए सर्वोच्च त्याग का अर्थ सिखाया। कार्यक्रम को सिख समाज के पदाधिकारी पजविंदर सिंह ने भी संबोधित किया।

अद्भुत है साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह की शहादत : डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुगल शासकों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपने धर्म की रक्षा के लिए गुरु गोविन्द सिंह जी महाराज के परिवार एवं दोनों साहिबजादों ने जो सर्वोच्च शहादत दी, उसे दुनिया सदैव स्मरण करती रहेगी। दोनों साहिबजादों के साथ मुगलों द्वारा की गई अमानवीय क्रूरता को स्मरण करते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं। गुरु गोविन्द सिंह जी ने देश और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष, त्याग और बलिदान का मार्ग दिखाया। धन्य है वह भारतमाता, जिसने ऐसे वीर सपूतों को जन्म दिया। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुरु नानक देव जी से लेकर गुरु गोविन्द सिंह जी एवं उनके पश्चात् गुरुओं तक संघर्ष और बलिदान की यह परंपरा निरंतर चलती रही। चाहे 1857 का स्वतंत्रता संग्राम हो, आजाद हिंद फौज का अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष हो अथवा 1942 का आंदोलन, प्रत्येक चरण में हमारे सिख बंधुओं के त्याग और संघर्ष ने राष्ट्र को प्रेरणा दी है। किंतु साहिबजादे जोरावर सिंह जी और साहिबजादे फतेह सिंह जी की शहादत वास्तव में अद्भुत, अनुपम और प्रेरणास्पद है। दोनों साहिबजादों ने त्याग, समर्पण और बलिदान की जो अद्वितीय मिसाल स्थापित की है, वह हमारी युवा पीढ़ी को वीरता, ईमानदारी, आत्मसम्मान और दृढ़ता के साथ मूल्य-आधारित जीवन जीने की सतत प्रेरणा देती रहेगी।इस अवसर पर वरिष्ठ नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, मध्यप्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री लोकेन्द्र पाराशर, सुश्री राजो मालवीय, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, वरिष्ठ नेता विनोद गोटिया, विधायक भगवानदास सबनानी, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, प्रदेश प्रवक्ता सुश्री नेहा बग्गा, मिलन भार्गव सहित पार्टी, जिला पदाधिकारी एवं सिख समाज के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
