दमोह | 05 फरवरी 2026/इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मतदाता सूची से नाम काटे जाने को लेकर वायरल हो रहा वीडियो पूर्णतः भ्रामक, तथ्यहीन और अनुचित है। प्रशासन द्वारा की गई गहन जांच में यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि किसी भी मतदाता का नाम न तो हटाया गया है और न ही किसी को मृत घोषित कर मतदाता सूची से बाहर किया गया है।यह जानकारी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विधानसभा क्षेत्र दमोह ने दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से संबंधित सभी आवेदनों का निराकरण निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है।
वायरल वीडियो को बताया गया गलत और भ्रामक
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो के संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया गया है। जांच प्रतिवेदन संबंधित अधिकारियों को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो में प्रस्तुत किए गए दावे पूरी तरह असत्य हैं और जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया गया है।
36 फॉर्म-7 की जांच में सभी मतदाता पाए गए जीवित एवं उपस्थित
सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-55 दमोह ने अपने प्रतिवेदन में बताया कि वायरल वीडियो में कथित रूप से 37 मतदाताओं के नाम मृत बताकर काटे जाने का दावा किया गया था।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आपत्तिकर्ता हेमंत द्वारा मतदान केंद्र क्रमांक-101 के 36 फॉर्म-7 निर्वाचन कार्यालय में प्रस्तुत किए गए थे, जिन्हें नियमानुसार जांच के लिए संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को भेजा गया।
बीएलओ द्वारा 29 जनवरी 2026 को किए गए स्थल निरीक्षण में यह पाया गया कि सभी संबंधित मतदाता चेनपुरा बजरिया, वार्ड क्रमांक-05 में निवासरत हैं। जांच के दौरान सभी मतदाता मौके पर उपस्थित मिले, उन्होंने स्वयं हस्ताक्षर कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और स्पष्ट किया कि उनका नाम मतदाता सूची से काटा जाना संभव नहीं है।
बीएलओ की रिपोर्ट में सभी 36 फॉर्म-7 पर स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि नाम काटने का कोई वैधानिक या तथ्यात्मक आधार नहीं बनता।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहें, अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।
