सुरक्षा,स्वच्छता को लेकर लापरवाही आ रही सामने


दमोह,5 जनवरी/करोडों रूपयों की लागत से बने अटल उघान में चोरों ने अपने हाथ साफ करना प्रारंभ कर दिये हैं। परिसर में लगे कीमती नलों को आज 05 जनवरी सोमवार को चोरों ने अपना निशाना बनाया। ज्ञात हो कि तत्कालीन सांसद एवं भारत सरकार के केन्द्रीय पर्यटन,संस्कृति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने दमोह के नागरिकों को यह सौगात दी थी। इस विशाल परिसर में बच्चों,युवाओं एवं बुर्जगों के लिये अलग-अलग व्यवस्थायें की गयीं हैं। व्यायाम के लिये ओपन जिम की बात करें या फिर खान पान की या फिर मनोरंजन की हो या फिर स्वच्छ और स्वस्थ्य वातावरण की सभी कुछ तो इसमें समाहित किया गया। इस विशाल पार्क का संचालन कौन करेगा इस पर चर्चा और विचार चल रहा था कि नागरिकों की मांग पर दमोह के कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने प्रातः कुछ समय के लिये इसको खोलने का निर्णय लिया और नगर पालिका दमोह को इसकी जिम्मेदारी दी। परन्तु जिस उर्जा उत्साह के साथ नगर पालिका के अधिकारी आगे आये प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार के सामने पार्क को व्यवस्थित चलाने का दम भरा उसकी हवा तो दूसरे दिन से ही निकलना प्रारंभ हो गयी थी। स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर नपा के दावों की हवा निकलते देखी गयी और यदाकदा जब कोई कार्यक्रम होता है तो स्वच्छता के नाम पर क्या होता है किसी से छिपा नहीं है।

24 दिसम्बर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा के लोकापर्ण के पूर्व की तैयारियों में नमर पालिका के अधिकारियों से स्वच्छता को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को कितनी बार संपर्क करना पडा किसी से छिपा नहीं है। कार्यक्रमों के बाद फैली गंदगी को साफ करने एवं सुरक्षा को लेकर लापरवाही को लेकर आये दिन चर्चायें बनी रहती है। यहां चैकीदार के रूप में सेवायें दे रहे निर्माण एजेंसी के ठेकेदार के चैकीदार निजाम खान बताते हैं कि मेरे अलावा कोई भी व्यक्ति नहीं हैं। परिसर काफी बडा है पहले बंद रहता था तो ठीक था अब प्रारंभ कर दिया गया है तो लोक लाईटों,जिम की मशीनों,झूलों में तोड फोड करने लगे हैं। गंदगी भी करते हैं और चोर भी सक्रिय हो गये हैं। नगर पालिका का कोई भी कर्मचारी यहां नहीं आता है अकेले सुबह 5.30 पर गेट खोलता हूं आज सुबह देखा तो नल चोरी हो चुके थे।
