फॉर्म-7 के तहत आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी
हर आपत्ति पर न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा फैसला
अब तक एक भी नाम नहीं काटा गया
नाम हटाए जाने की खबरें पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन
दमोह, 04 फरवरी /मतदाता सूची को लेकर फैल रही अफवाहों और भ्रामक रिपोर्टों पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर कुमार कोचर ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जिला प्रशासन भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही कार्य कर रहा है। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रक्रिया में न तो कोई दबाव है और न ही किसी प्रकार की मनमानी या पक्षपात किया जा रहा है। कलेक्टर कोचर ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से नाम हटाने अथवा आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के अंतर्गत प्रक्रिया पूरी तरह खुली, पारदर्शी और वैधानिक है। कोई भी व्यक्ति, कहीं से भी, बिना किसी रोक-टोक के आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य केवल यही है कि कोई भी पात्र मतदाता वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।उन्होंने कहा कि प्रत्येक आपत्ति पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अर्द्ध-न्यायिक प्रक्रिया के अंतर्गत सुनवाई की जाती है। सभी संबंधित पक्षों को अवसर दिया जाता है, दस्तावेजों की गहन जांच होती है और तथ्यों के परीक्षण के पश्चात ही स्पीकिंग ऑर्डर पारित किया जाता है। बिना सुनवाई और आदेश के किसी भी नाम को हटाने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता।
कलेक्टर कोचर ने दो टूक कहा कि अब तक ऑफलाइन प्राप्त किसी भी आपत्ति पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है और न ही किसी मतदाता का नाम आपत्ति के आधार पर सूची से हटाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम काटे जाने की खबरें पूरी तरह भ्रामक, तथ्यहीन और जन-भ्रम फैलाने वाली हैं।उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति पारित आदेश से असंतुष्ट होता है, तो उसके लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील का अधिकार सुरक्षित है। इसके बाद भी असंतोष की स्थिति में भारत निर्वाचन आयोग में अपील की वैधानिक व्यवस्था मौजूद है।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश – किसी को घबराने की जरूरत नहीं
कलेक्टर कोचर ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिला प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायपूर्ण तरीके से कार्य कर रहा है और आगे भी आयोग के निर्देशों के अनुसार ही हर कार्रवाई की जाएगी।
