दमोह, 1 मार्च /स्वच्छता और सड़क सुरक्षा को लेकर दमोह में रविवार सुबह एक अनूठी पहल देखने को मिली। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में टीम उम्मीद द्वारा 17वां साप्ताहिक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया, जिसमें जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की सक्रिय भागीदारी रही।अभियान की शुरुआत सुबह 8 बजे बेलाताल पार्क में साफ-सफाई से हुई। इसके पश्चात 9 बजे हेलमेट पहनकर तिरंगा लहराते हुए शहर में बाइक रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करना रहा।इस अवसर पर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, एडिशनल एसपी सुजीत कुमार भदौरिया, कोतवाली थाना प्रभारी टीआई मनीष कुमार, नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी सहित पुलिस बल, जन अभियान परिषद, एनआईसी और सेडमैप के अधिकारी तथा टीम उम्मीद के सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा कि हेलमेट के उपयोग से लगभग 80 प्रतिशत तक गंभीर सिर की चोटों और मौतों को रोका जा सकता है। उन्होंने सभी दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वालों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की।एडिशनल एसपी सुजीत कुमार भदौरिया ने टीम उम्मीद की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता के साथ सड़क सुरक्षा को जोड़ना एक सराहनीय पहल है। पुलिस विभाग ऐसे अभियानों में आगे भी सहयोग करता रहेगा, विशेषकर त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल ने भावुक शब्दों में कहा कि सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाला व्यक्ति एक बार पीड़ा सहता है, लेकिन उसका परिवार जीवनभर उस दर्द से गुजरता है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़े हादसों का कारण बनती हैं, इसलिए हर बाइक सवार को हेलमेट को अपनी आदत बनाना चाहिए।टीम उम्मीद का यह अभियान शहर में चर्चा का विषय बना रहा। हर सप्ताह नई पहल के साथ चलाया जा रहा यह स्वच्छता अभियान न केवल शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में प्रयासरत है, बल्कि नागरिकों में सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता भी बढ़ा रहा है।
📍 स्थान: दमोह
