श्रद्धांजलि, संकल्प और सेवा के साथ दिया स्वच्छ राष्ट्र का संदेश

दमोह/ शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए टीम उम्मीद ने अपना 15वां साप्ताहिक स्वच्छता अभियान आयोजित किया। शनिवार सुबह 8:00 से 10:00 बजे तक यह अभियान सरस्वती शिशु मंदिर परिसर के आसपास चलाया गया।स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष अभियान में शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए टीम सदस्यों ने “स्वच्छ राष्ट्र, स्वच्छ दमोह” का संकल्प दोहराया। दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की गई।
सामाजिक कार्यों से शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि
इस अवसर पर हरीश पटेल ने कहा कि 14 फरवरी का दिन देश के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि सामाजिक कार्यों—जैसे स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, कैंडल मार्च और पूर्व सैनिकों के सम्मान—के माध्यम से दी जा सकती है।उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय विद्या का मंदिर है, जहां से शिक्षा और संस्कार प्राप्त होते हैं। ऐसे में विद्यालय परिसर के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और शहरवासियों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
नागरिकों से सहयोग की अपील
टीम सदस्य जितेंद्र अहिरवाल ने कहा कि शहर हम सभी का है, इसलिए स्वच्छता बनाए रखना भी हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियानों में सहयोग और सहभागिता की अपील की।टीम के दीपक राजपूत ने बताया कि सामान्यतः यह अभियान रविवार को आयोजित होता है, लेकिन महाशिवरात्रि पर्व के चलते इस बार शनिवार को ही अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
अभियान के दौरान साइकिल चोरी की घटना
अभियान के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना भी सामने आई। टीम के सक्रिय सदस्य एवं एनआईसी अधिकारी योगेंद्र सिंह, जो हमेशा साइकिल से अभियान में शामिल होते हैं, उनकी साइकिल अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई।घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। टीम ने सोशल मीडिया और न्यूज ग्रुप्स के माध्यम से साइकिल की फोटो साझा कर शीघ्र बरामदगी की अपील की है।टीम ने कहा कि साइकिल के माध्यम से वे प्रदूषण मुक्त शहर का संदेश देते हैं और कई सदस्य पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा के तहत साइकिल से ही अभियानों में भाग लेते हैं।
अभियान में रहे उपस्थित
अभियान में धर्मेंद्र सोनी, शिवम सोनी, दीपक राजपूत, जितेंद्र अहिरवाल, महेंद्र सिंह लोधी, माधव पटेल, महेंद्र ताम्रकार, योगेंद्र सिंह सहित नपा कर्मी असद शेख सक्रिय रूप से शामिल रहे।टीम उम्मीद ने पुनः दोहराया कि शहीदों के सम्मान में सेवा और स्वच्छता जैसे कार्य ही सच्ची राष्ट्रभक्ति का प्रतीक हैं।
