महिला सुरक्षा, जेंडर न्याय और साइबर सुरक्षा पर हुआ व्यापक संवाद
दमोह : 29 जनवरी /स्काई सोशल संस्था द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित “साहस – जेंडर जस्टिस लैब्स” के द्वितीय दिवस का आयोजन दमोह में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण सत्र में 250 से अधिक हितधारकों ने सहभागिता की, जिनमें आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, युवा, महिला पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि शामिल रहे।प्रशिक्षण सत्र के दौरान जेंडर न्याय, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, कानून तक पहुँच एवं मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि किसी भी महिला को सुरक्षा एवं न्याय दिलाने में सिस्टम की संवेदनशीलता, विभागीय समन्वय और समयबद्ध प्रतिक्रिया की अहम भूमिका होती है।कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दमोह हलधर मिश्रा, जिला सशक्तीकरण अधिकारी संजीव मिश्र, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती वंदना जैन, सृष्टि प्रगट (स्काई सोशल), नीता गोस्वामी एवं अधीक्षक अबरार ख़ान (जनजाति विभाग), परियोजना अधिकारी श्रीमती सुरेखा ठाकुर, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ सौरभ टंडन एवं राहुल सिंह, प्राध्यापक डॉ. नाजनीन बेगम (स्नातकोत्तर महाविद्यालय) तथा प्राध्यापक डॉ. प्रीति वर्मा (के.एन. महाविद्यालय) की गरिमामयी उपस्थिति रही।यह आयोजन जमीनी स्तर पर विभागीय सहयोग को मजबूत करने तथा महिलाओं के लिए सुरक्षित, संवेदनशील एवं न्यायसंगत वातावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।
