दमोह, 06 मार्च/ मध्यप्रदेश के दमोह नगर में आज 06 मार्च शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कक्षा दसवीं की परीक्षा देकर बाहर निकले एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल छात्र की जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ऋषि अहिरवार नामक छात्र कक्षा दसवीं में अध्ययनरत था और वह नगरीय क्षेत्र से लगे ईमलाई गांव के शासकीय विद्यालय का छात्र बताया जा रहा है। उसका परीक्षा केंद्र मांगज वार्ड स्थित ओजस्वनी स्कूल में बनाया गया था। आज 06 मार्च शुक्रवार को वह निर्धारित समय पर परीक्षा देकर जैसे ही केंद्र से बाहर निकला, उसी दौरान कुछ छात्रों के साथ उसका विवाद हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद अचानक बढ़ गया और इसी दौरान एक छात्र ने चाकू निकालकर ऋषि अहिरवार पर हमला कर दिया। चाकू के वार से वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और साथियों ने तुरंत उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया।अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया, लेकिन अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। एच. आर. पांडे नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा घटना में शामिल आरोपी छात्र की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे घटनाक्रम की जांच प्रारंभ कर दी है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद परीक्षा केंद्र के आसपास क्षेत्र में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
