दमोह, 21 फरवरी 2026/दमोह जिले में लंबित एवं गंभीर आपराधिक प्रकरणों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने के लिए पुलिस विभाग ने सख्त कदम उठाया है। थाना कोतवाली एवं थाना दमोह देहात से संबंधित दो अलग-अलग मामलों में कुल 4 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 101/2023, धारा 379 भादवि के अंतर्गत आरोपी समोद बहेलिया पिता भूरे बहेलिया, उम्र 27 वर्ष, निवासी नगला उसर, थाना कुरावली, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) की गिरफ्तारी पर 2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। यह मामला चोरी से संबंधित है और आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा है।वहीं थाना दमोह देहात के अपराध क्रमांक 854/25, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत आरोपी संतोष पटैल पिता नारान पटेल, उम्र 64 वर्ष, निवासी ग्राम खजांची की बेहार बरखेड़ा दुर्गादास, थाना दमोह देहात पर भी 2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। संबंधित प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी बीच आज 21 फरवरी, शनिवार को दमोह पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह इनाम घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि जो कोई व्यक्ति, पुलिस कर्मचारी या अधिकारी आरोपियों को गिरफ्तार करेगा अथवा ऐसी सटीक एवं विश्वसनीय सूचना देगा जिससे उनकी गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे घोषित नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि इनाम प्रदान करने के संबंध में उनका निर्णय अंतिम होगा। साथ ही जिले की पुलिस टीमों को आरोपियों की तलाश के लिए सक्रिय किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को आरोपियों के संबंध में जानकारी हो तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
