भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल,मुख्यमंत्री मोहन यादव,
प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह ने किया संबोधित, प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की ताकत से राष्ट्र निर्माण का संकल्प

भोपाल, 06 मार्च/राजधानी भोपाल के रविन्द्र भवन में शुक्रवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत विषय वक्ता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को मुख्यमंत्री मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह तथा प्रशिक्षण महाअभियान के पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी. पटेल ने संबोधित किया। कार्यक्रम में चंबल, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम और भोपाल संभाग के 23 जिलों से 400 से अधिक विषय वक्ता शामिल हुए।मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कैसा होना चाहिए, यह प्रशिक्षण से तय होता है। प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की शक्ति के बल पर भाजपा ने देश को अजेय बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के कार्य करते हुए अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को सही दिशा और शक्ति मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के भीतर विचारों और प्रशिक्षण की कमी के कारण समय-समय पर अंतर्विरोध सामने आते रहे हैं। उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना करने वाले महामना मदन मोहन मालवीय कांग्रेस से जुड़े थे, जबकि उसी समय कांग्रेस सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के विषय में अलग रुख रखती थी, जो विचारधारात्मक विरोधाभास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र की सांस्कृतिक एकता और एकात्म मानववाद की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है, जहां राष्ट्र और सीमाओं की रक्षा सर्वोपरि है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना अपने अनुशासन और प्रशिक्षण के कारण विश्व में सम्मानित है, उसी प्रकार भाजपा संगठन भी अपने प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेतृत्व कार्यकर्ताओं के समर्पण और परिश्रम से उभरता है, जबकि अन्य दलों में बड़े पद अक्सर परिवारों में सीमित हो जाते हैं। यही कारण है कि भाजपा संगठन देश में एक आदर्श संगठन के रूप में स्थापित हुआ है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय राजनीति में कुछ ही दल ऐसे हैं जिनकी स्पष्ट विचारधारा और कार्यपद्धति रही है। भारतीय जनता पार्टी ने कभी भी अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया और इसी कारण वह विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि अपनी विचारधारा और संगठनात्मक संस्कृति के लिए जानी जाती है।उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय से ही धारा-370 हटाने, राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक समाप्त करने जैसे विषयों पर पार्टी का रुख स्पष्ट रहा है और इन संकल्पों को पूरा करने में पार्टी ने दृढ़ता दिखाई। उन्होंने कहा कि समय के साथ कार्यपद्धति में बदलाव आवश्यक होता है, लेकिन विचारधारा स्थायी रहती है। संगठन की मजबूती के लिए समन्वय, सहयोग और संवाद की भावना आवश्यक है।
प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक विश्व का नेतृत्व करने की क्षमता प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पं. दीनदयाल उपाध्याय और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों का भारत बनाने के लिए समर्पित हैं। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।उन्होंने कहा कि भाजपा एक संगठन आधारित और कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है, जहां बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी संगठन की रीढ़ होता है। यदि बूथ मजबूत होगा तो पार्टी भी मजबूत होगी। इसलिए कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र में सरकार की योजनाओं और उनके लाभार्थियों की जानकारी रखना चाहिए, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
प्रशिक्षण महाअभियान के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी. पटेल ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन से राष्ट्र निर्माण के सिद्धांत को साकार करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में समाज के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से एक सक्षम और जागरूक कार्यकर्ता तैयार होता है, जो संगठन को मजबूत बनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।कार्यशाला में विभिन्न विषयों पर समानांतर सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें प्रशिक्षकों ने विषय वक्ताओं को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, विचारधारा और समकालीन विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन संभाग प्रभारी अभय प्रताप सिंह यादव ने किया तथा आभार प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक ने व्यक्त किया।कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी, संभाग प्रभारी विजय दुबे और प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह मंचासीन रहे। कार्यशाला में विभिन्न संभागों से आए 400 से अधिक विषय वक्ताओं ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
