दमोह नगर के कछियाना फुटेरा वार्ड की पांच सौ बर्ष प्राचीन शाला

दमोह,10 जनवरी/मध्यप्रदेश के दमोह नगर में लगभग पांच सौ बर्ष प्राचीन श्रीराम जानकी शाला को विशाल भव्य मंदिर के रूप में परिवर्तित किया जायेगा। इसका स्वरूप प्राचीन पारंपरिक शालाओं से बदलकर मंदिर की शक्ल में कुछ बर्षों बाद दिखाई देगा। इसके संबध में फुटेरा वार्ड कछियाना नरसिंह मंदिर के समीप प्राचीन शाला के परिसर में पत्रकार वार्ता के दौरान अजबधाम फतेपुर शाला के महंत रामअनुग्रह दास छोटे सरकार ने दी। उन्होने कहा कि इसका स्वरूप अब पूरी तरह बदला जायेगा। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होने कहा कि श्रीराम जानकी के विग्रहों को नवीन मंदिर में कहा स्थापित किया जायेगा इसके लिये नक्शा तैयार होने के बाद बताया जायेगा। उन्होने कहा कि भले ही प्राचीन शालाओं का एक स्वरूप होता हो यहां नवीन रूप में मंदिर बनेगा। ज्ञात हो कि यह प्राचीन शाला लगभग पांच सौ बर्ष से प्राचीन बतायी जाती है जिसमें श्रीरामनंदी संप्रदाय की मान्यताओं और परंपराओं के अनुसार पूजनार्चन होता था और यहां पर इसी संप्रदाय के महंत साधु हुआ करते थे। देश में शालाओं का अपना एक अलग स्थान और महत्व है इसकी बनावट में जहां बीच में बिना गुंबद का देव स्थान होता है तो वहीं श्रीराम दरवार के सामने ही श्रीराम भक्त अजंनीलाल विराजमान होते हैं। परिसर में गाय,सतसंग,महंत निवास होता है एैसी यह शाला थी जो पिछले कुछ समय से जीर्ण शीर्ण होती जा रही थी। यहां के संतो के ब्रम्हलीन होने के बाद राय परिवार के महत्तमकार होने की बात सामने आयी थी।
पत्रकार वार्ता में पुरोहित चंन्द्र गोपाल पौराणिक ने बताया कि आज सुप्रसिद्ध कथावाचक श्रवणानंद जी महाराज एवं हजारों लोगों की उपस्थिति में उक्त शाला को अजबधाम फतेपुर शाला में सम्मिलित करने हेतु सनातन धर्म एवं मान्यताओं के अनुसार राय परिवार ने संकल्प लिया है। उन्होने बताया कि शाला में जो जमीन लगी थी वह यथावत है और अब उसको शासकीय अभिलेखों में दर्ज प्रक्रिया को जहां कमी है उसका सुधार करवाया जायेगा। उन्होने बताया कि भव्य मंदिर का निर्माण हो इसके लिये दानदाताओं का सहयोग लिया जायेगा। जिले का सबसे भव्य मंदिर बने यह प्रयास किया जायेगा। इस अवसर पर पुष्पेन्द्र तिवारी ने भी जानकारी देते हुये बताया कि किस प्रकार एक लम्बी प्रक्रिया का सामना करना पडा तब कहीं आज यह शाला अजबधाम फतेपुर शाला के अधीन हुई है। इस पूरे आयोजन और प्रक्रिया से जुडे लोगों ने विस्तृत जानकारी पत्रकारों के समक्ष रखी एवं पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर दिये।
