दमोह/26 जनवरी गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नीलम संगीत साधना केंद्र विद्यालय में संगीत, स्वर, लय और ताल से सजा एक देशभक्ति से ओतप्रोत काव्यात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने उपस्थितजनों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री धरमेश्वर मिश्रा रहे। अध्यक्षता श्याम सुंदर शुक्ल ने की तथा विशिष्ट अतिथि उमेश सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संगीत शिक्षक मुकेश दुबे द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र देवांश द्वारा प्रस्तुत राष्ट्र को समर्पित गीत
“वीर शहीदों को मेरा शत-शत नमन, जिन्होंने देश की खातिर किए अपने प्राण हवन”
से हुई।
इसके पश्चात शांभवी ने मधुर स्वर में
“तिरंगा है देश की शान, हमारा भारत है महान”
गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
वरुणिका, अर्हम, शुभम, वरणेय एवं सूर्यांश ने समूह में
“जहां हिमालय, गंगा-यमुना पावन धारा है, राम-श्याम का देश हमारा भारत प्यारा है”
गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
मुख्य अतिथि श्री मिश्रा ने बच्चों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभाशीष प्रदान किए। संस्था संरक्षक श्याम सुंदर शुक्ल ने कहा कि यही होनहार बालक भविष्य में देश की अनूठी पहचान बनेंगे।
संस्था की प्राचार्य एवं संचालिका डॉ. प्रेमलता नीलम ने कहा कि नीलम संगीत साधना केंद्र शास्त्रीय संगीत के माध्यम से बालक-बालिकाओं को गायन एवं वादन में दक्ष संगीतज्ञ बनाने का कार्य कर रहा है। इस अवसर पर संगीत शिक्षक मुकेश दुबे ने भीमपलासी राग में गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में प्रीति चौबे, सभी अभिभावकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में डॉ. प्रेमलता नीलम ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
