“छत से देखें इंदौर की शाही गेर”
रंगपंचमी पर विशेष व्यवस्था | ऑनलाइन आरक्षण प्रारंभ
इंदौर/ स्वच्छता और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध इंदौर एक बार फिर रंगपंचमी पर अपनी ऐतिहासिक और भव्य गेर के रंग में रंगने जा रहा है। पिछले वर्ष की सफलता के बाद इस बार भी शहरवासी और बाहर से आने वाले पर्यटक शीतलामाता बाजार से गौराकुंड और खजूरी मार्केट क्षेत्र की चयनित छतों पर बैठकर गेर का सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आनंद ले सकेंगे।इंदौर की गेर केवल एक जुलूस नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। ढोल-ताशों की गूंज, गुलाल से आच्छादित आसमान, सुसज्जित रथ, पारंपरिक वेशभूषा में शामिल टोलियाँ और रंगों की बौछार इसे देश-विदेश में विशिष्ट पहचान दिलाती हैं। प्रतिवर्ष लाखों लोग इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने और उसमें सहभागी बनने के लिए इंदौर पहुंचते हैं।
विशेष तैयारियां और सुरक्षा प्रबंध
गेर को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से आयोजित करने के लिए स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा छतों पर सुरक्षित बैठने की सुविधा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।इस वर्ष भी गेर मार्ग की आठ चयनित छतों पर लगभग 150 से 200 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। दर्शक BookMyShow के माध्यम से ऑनलाइन आरक्षण कर सकेंगे।स्मार्ट सिटी कंपनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के अनुसार, आरक्षण प्रक्रिया को लेकर कंपनी से चर्चा जारी है और शीघ्र ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।जानकारी के अनुसार, दर्शकों को पिछले वर्ष निर्धारित दरों पर ही छत से गेर देखने का अवसर मिलेगा, जिससे आमजन और पर्यटकों को किफायती दर पर सुरक्षित स्थान से भव्य गेर देखने का अवसर प्राप्त होगा।
गेर मार्ग पर विशेष अभियान: हटाई गई उलझी केबलें
रंगपंचमी के आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम और सख्त कर दिए हैं। गेर मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।मंगलवार को विजय चाट हाउस चौराहा से सराफा थाना क्षेत्र तक तथा मार्ग के अन्य हिस्सों में लटकी और उलझी केबल तथा तार हटाए गए। अधिकारियों के अनुसार, गेर के दौरान बड़ी संख्या में वाहन, रथ, ढोल-ताशे और श्रद्धालु गुजरते हैं, ऐसे में नीचे लटकती केबलें दुर्घटना का कारण बन सकती थीं।
असुरक्षित ढांचों को हटाने के निर्देश
नगर निगम की टीम ने विद्युत एवं संचार केबलों का निरीक्षण कर खतरनाक तारों को हटाया। साथ ही संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि वे केबलों को समुचित ऊंचाई और सुरक्षित ढंग से पुनः व्यवस्थित करें।निगमायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गेर मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, बाधक सामग्री अथवा असुरक्षित ढांचे को तत्काल चिन्हित कर हटाया जाए। भविष्य में पुनः अव्यवस्थित केबल न लगें, इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
सुव्यवस्थित और सुरक्षित आयोजन का संकल्प
प्रशासन का उद्देश्य है कि रंगपंचमी पर निकलने वाली गेर के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिले और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। छत से गेर देखने की ऑनलाइन सुविधा और मार्ग पर चलाया गया सुरक्षा अभियान—दोनों प्रयास इस ऐतिहासिक आयोजन को और अधिक भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।
रिपोर्ट:नारायण वैष्णव
