कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सभा स्थल का किया निरीक्षण

दमोह/हटा/06 March/मध्यप्रदेश के हटा नगर में मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। 11 मार्च बुधवार को मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए दमोह के कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर तथा पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी हटा पहुँचे और कार्यक्रम स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।इस दौरान जनपद पंचायत हटा के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, सभा स्थल की तैयारी, मंच निर्माण, यातायात व्यवस्था, वाहन खड़े करने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा तथा आमजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर और पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने अधिकारियों के साथ मॉडल स्कूल मैदान का निरीक्षण किया। इसी मैदान में मुख्यमंत्री की आमसभा आयोजित करने का प्रस्ताव है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच के संभावित स्थान, सभा स्थल की क्षमता, विशिष्ट अतिथियों की बैठने की व्यवस्था, आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था तथा वाहन खड़े करने के स्थान का भी बारीकी से अवलोकन किया और समय पर सभी तैयारियाँ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से चर्चा चल रही थी। इससे पहले भी कई बार उनके हटा आगमन की संभावना जताई गई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से कार्यक्रम तय नहीं हो सका था। अब 11 मार्च को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुट गया है।निरीक्षण के दौरान हटा विधायक उमा देवी खटीक भी उपस्थित रहीं। उन्होंने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा की तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राकेश मरकाम, लोक निर्माण विभाग के मुख्य कार्यपालन यंत्री अनिल अठया, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान हटा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएँ हो सकती हैं। क्षेत्र की कुछ लंबे समय से लंबित योजनाओं को भी स्वीकृति मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिल सकेगी।हटा विधायक उमा देवी खटीक द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले कई महीनों से वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संपर्क कर हटा क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर रही थीं और उन्हें हटा आने का निमंत्रण भी दे रही थीं।हाल ही में नोहटा में आयोजितनोहलेश्वर महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सार्वजनिक मंच से हटा आने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा था कि वे शीघ्र ही हटा आकर क्षेत्र के लिए विकास की नई सौगातें देंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर हटा क्षेत्र के लोगों में उत्साह का वातावरण देखा जा रहा है।
