2 मार्च को होलिका दहन, 8 मार्च को रंग पंचमी; प्रशासन सतर्क
दमोह ,28 फरवरी /आगामी होलिका दहन, धुलेंडी (होली) एवं रंग पंचमी पर्व को शांति और सद्भावना के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला शांति समिति की बैठक कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार कोचर की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, समिति सदस्यगण, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में निर्णय लिया गया कि 02 मार्च (सोमवार) को होलिका दहन तथा 08 मार्च (रविवार) को रंग पंचमी मनाई जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि प्रशासन पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी पर्वों के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए पूरी तरह तत्पर है, जिसमें शांति समिति के सदस्यों का सहयोग अपेक्षित है।
कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष फोकस
जिला मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए कि होली के दौरान मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, जहां महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की अधिक उपस्थिति रहती है। रमजान माह को दृष्टिगत रखते हुए मस्जिदों के आसपास भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।अवैध शराब की बिक्री रोकने हेतु आबकारी एवं पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, साइबर क्राइम नियंत्रण, महिला सुरक्षा, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और आपातकालीन रिस्पांस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर सख्ती
कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत निर्धारित समय सीमा के बाद डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विद्यार्थियों की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ध्वनि की तीव्रता नियंत्रित रखने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय के पश्चात डीजे संचालित पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी
राजनगर तालाब, जुझार घाट, नरसिंहगढ़ तालाब (मजार के पास), सीतानगर डेम एवं सतधारू डेम जैसे जल स्रोतों पर एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की टीम गोताखोरों, लाइफ जैकेट एवं सुरक्षा उपकरणों सहित तैनात रहेगी। पिकनिक स्थलों पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए।
यातायात एवं ट्रैफिक प्लान
घंटाघर से विंदन तिराहा तथा टंडन बिल्डिंग से विंदन चौराहा तक ट्रैफिक समस्या को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं यातायात पुलिस को रूट प्लान तैयार कर विशेष व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी एवं तेज गति से वाहन चलाने पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं विद्युत व्यवस्था
नगर पालिका एवं पंचायतों को होलिका दहन स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, कचरा निस्तारण एवं अग्निशमन प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पर्व अवधि में दो फायर ब्रिगेड पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात रहेंगी।स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, एंबुलेंस एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, झूलते तारों की मरम्मत एवं अस्थायी विद्युत फिटिंग की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि होली एवं रंग पंचमी का पर्व शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
