5 से 15 फरवरी तक नोहटा में दस दिवसीय भव्य आयोजन

दमोह | 02 फरवरी 2026/जिला दमोह के ऐतिहासिक नोहलेश्वर मंदिर परिसर, नोहटा में 5 फरवरी से 15 फरवरी तक आयोजित होने वाला नोहलेश्वर महोत्सव इस वर्ष केवल धार्मिक आयोजन न रहकर संस्कृति, स्वास्थ्य, रोजगार, किसान और युवा सशक्तिकरण का व्यापक मंच बनेगा। यह बात संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने महोत्सव को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में कही। राज्यमंत्री लोधी ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 5 फरवरी को भव्य सांस्कृतिक चेतना यात्रा से होगा। इस यात्रा में बुन्देली दिवारी नृत्य सहित लोक संस्कृति की झलक पेश करती 70 से अधिक नृत्य टोलियां भाग लेंगी, जिनमें लगभग एक हजार कलाकार शामिल होंगे। यह यात्रा नगर भ्रमण करते हुए महोत्सव स्थल तक पहुंचेगी।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
उन्होंने बताया कि दस दिवसीय महोत्सव में 1000 से 1500 स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रमों में एकल व समूह गायन, लोक नृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियाँ शामिल रहेंगी, जिससे क्षेत्रीय लोक कला को नई पहचान मिलेगी।
मेला और मनोरंजन बनेगा आकर्षण
महोत्सव के साथ विशाल मेले का आयोजन भी किया जा रहा है। मेले में हॉट एयर बैलून, जलपरी शो, बच्चों के झूले, मौत का कुआं, भूत बंगला, स्पंजिंग जंप, एडवेंचर स्पोर्ट्स और विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनी आमजन के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
स्वास्थ्य, महिला, युवा और किसान पर विशेष फोकस
राज्यमंत्री श्री लोधी ने बताया कि 6 और 7 फरवरी को आयोजित स्वास्थ्य शिविर में करीब 100 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा निःशुल्क जांच की जाएगी।
8 फरवरी को महिला सम्मेलन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर विशेष संवाद होगा।
9 फरवरी को युवा संगम एवं रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से लगभग 2000 युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
10 फरवरी को संकल्प से समाधान शिविर में आमजन की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
11 फरवरी को जनजातीय सम्मेलन एवं पारंपरिक खेलों का आयोजन होगा।
12 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में विशाल किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें उन्नत कृषि, पशुपालन और कृषि यंत्रों पर विशेषज्ञों की कार्यशालाएं होंगी।
राष्ट्रीय कलाकारों की दमदार प्रस्तुतियाँ
6 से 15 फरवरी तक 150 से अधिक स्थानीय प्रस्तुतियाँ होंगी, जबकि 11 से 15 फरवरी के बीच देश के प्रसिद्ध कलाकारों—कैलाश खेर, अभिलिप्सा पांडा, पुनीत इस्सर एवं ग्रुप, हरिओम पवार एवं ग्रुप तथा आशा वैष्णव—की प्रस्तुतियाँ दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। साथ ही एक दिवसीय कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।
प्रदर्शनी, स्टॉल और सामाजिक सरोकार
महोत्सव के दौरान आजीविका मिशन, विभिन्न विभागों द्वारा हर्बल, औषधीय और जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विक्रय स्टॉल लगाए जाएंगे। ब्लड डोनेशन कैम्प का आयोजन भी सुनिश्चित किया गया है। महोत्सव में प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी।
प्रेसवार्ता में मेले के संयोजक सत्येंद्र सिंह लोधी ने आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
