महंगाई राहत और स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग तेज
दमोह। मध्यप्रदेश पुलिस पेंशनर्स संघ, जिला इकाई दमोह ने प्रदेश के पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संघ ने विगत आठ माह से लंबित महंगाई राहत (डीए) तत्काल प्रदान करने तथा स्वास्थ्य बीमा योजना को शीघ्र लागू करने की मांग की है।संघ के जिला अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश के लगभग 5 लाख 50 हजार पेंशनर्स केंद्र सरकार द्वारा 1 जुलाई 2025 से बढ़ाई गई महंगाई राहत का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, जबकि राज्य सरकार द्वारा समान दर से राहत नहीं दिए जाने के कारण पेंशनर्स को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि महंगाई दर में निरंतर वृद्धि के चलते पेंशनर्स की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है, इसलिए केंद्र के समान महंगाई राहत स्वीकृत की जाए।इसके साथ ही संघ ने राज्य स्तर पर स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू करने की भी मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व में स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की घोषणा की गई थी, जिसके अंतर्गत पेंशनर्स को इलाज के लिए 10 लाख रुपये तक की सुविधा प्रस्तावित थी, किंतु योजना को अब तक अंतिम स्वीकृति नहीं मिल सकी है। संघ का कहना है कि बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं और महंगे उपचार को देखते हुए पेंशनर्स के लिए व्यापक स्वास्थ्य बीमा अत्यंत आवश्यक है।पुलिस पेंशनर्स संघ ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पेंशनर्स की समस्याओं को संवेदनशीलता से लेते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक एवं चिकित्सकीय राहत मिल सके।ज्ञापन की प्रतिलिपि वित्त मंत्री एवं मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन को भी प्रेषित की गई है।
