“भाजपा फॉर विकसित केरलम” के तहत केरल प्रतिनिधियों का एमपी दौरा, विकास मॉडल का किया अध्ययन

भोपाल/ग्वालियर, 15 फरवरी /भारतीय जनता पार्टी के ‘‘भाजपा फॉर विकसित केरलम’’ कार्यक्रम के तहत केरल के निकायों के जनप्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश के दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन भोपाल और ग्वालियर में विभिन्न विकास स्थलों का भ्रमण कर योजनाओं का अवलोकन किया और संवाद कार्यक्रमों में भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल ने मध्यप्रदेश की नगरीय विकास योजनाओं, नवाचारों और संगठनात्मक कार्यप्रणाली का अध्ययन किया।
भोपाल में राज्यपाल से मुलाकात, विधानसभा का भ्रमण
भोपाल में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से भेंट कर संवाद किया। इसके पश्चात प्रतिनिधियों ने विधानसभा भवन का भ्रमण किया, जहां विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाया है और यही भाजपा की सफलता का मूल मंत्र है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश के समृद्ध और आदर्श राज्यों में गिना जाता है तथा यहां संगठन और सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार हर स्तर पर समाधान उन्मुख कार्य कर रही है।
नगरीय विकास योजनाओं से प्रभावित हुए प्रतिनिधि
केरल से आए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मध्यप्रदेश में नगरीय विकास की कई योजनाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने योजनाओं और नवाचारों को बारीकी से समझा और भविष्य में केरल के निकायों में लागू करने की इच्छा जताई।
प्रतिनिधियों ने महावीर गिरि पर्यटन स्थल, ट्रायबल म्यूजियम, वन विहार, शिकारा बोटिंग, शौर्य स्मारक और विधानसभा भवन का अवलोकन किया। साथ ही 10 नंबर मार्केट स्थित “कचरा कैफे” जैसी स्वच्छता पहल को भी सराहा।
ग्वालियर में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का अध्ययन
ग्वालियर में 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मोतीमहल, अत्याधुनिक कंट्रोल एंड कमांड सेंटर तथा जलविहार स्थित नगर निगम परिषद का अवलोकन किया और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
संवाद कार्यक्रम में नगरीय विकास, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक नवाचारों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मिली केरल में जीत
प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केरल में भाजपा को निकाय चुनावों में ऐतिहासिक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से कांग्रेस और सीपीएम जैसे दलों को पराजित कर भाजपा ने कई निकायों में जीत दर्ज की है।
उन्होंने मध्यप्रदेश में हुए स्वागत और सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां के विकास मॉडल और संगठनात्मक मजबूती से उन्हें नई प्रेरणा मिली है।
