दमोह।समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय संस्था लीनेस क्लब द्वारा कंकाली माता मंदिर के समीप स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाटर फिल्टर भेंट किया गया।
इस अवसर पर लीनेस क्लब की अध्यक्ष श्रीमती रजनी खरे ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि दूषित पानी के सेवन से अनेक गंभीर बीमारियाँ फैलती हैं। हाल ही में इंदौर में गंदा पानी पीने से कई लोगों की मृत्यु की घटना इसका गंभीर उदाहरण है। ऐसे में बच्चों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि वाटर फिल्टर के माध्यम से बच्चों को शुद्ध जल मिलेगा, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और वे पढ़ाई में भी अच्छा प्रदर्शन कर सकेंगे। इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास को भी बल मिलेगा।
इस सेवा प्रकल्प की प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्रीमती सपना राजपूत रहीं। उन्होंने कहा कि बच्चों के हित में यह सेवा कार्य कर पाना उनके लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है। भविष्य में भी लीनेस क्लब इसी तरह सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में लीनेस क्लब की सचिव ज्योति चिले, कोषाध्यक्ष माया यादव सहित रोज़ी बग्गा, स्मृति खरे, रिम्मी जुनेजा, पदमा दुवे, ज्योति सचदेव एवं शिल्पा राव की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार ने लीनेस क्लब का आभार व्यक्त किया।
