जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा आयोजित 70वें रेल सप्ताह समारोह के अंतर्गत वर्ष 2024-25 के लिए विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार, रेल सेवा पुरस्कार एवं दक्षता शील्ड प्रदान करने का भव्य आयोजन उत्सव सामुदायिक भवन, मदनमहल, जबलपुर में संपन्न हुआ। समारोह में जबलपुर रेल मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवर ऑल एफिशिएंसी शील्ड सहित कुल 10 दक्षता शील्ड प्राप्त कीं। इस अवसर पर जबलपुर मंडल के 03 गजटेड अधिकारियों एवं 11 कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, तकनीकी दक्षता तथा सुरक्षित रेल संचालन में उल्लेखनीय योगदान के लिए व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय द्वारा चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। जबलपुर मंडल की ओर से यह सम्मान मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा द्वारा मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ प्राप्त किया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मधुर वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार (गजटेड) श्रेणी में जबलपुर मंडल के निम्न अधिकारियों को सम्मानित किया गया— जय प्रकाश सिंह – वरिष्ठ मंडल अभियंता (सिविल इंजीनियरिंग विभाग) शिवम चौधरी – मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग) रोहित सिंह – क्षेत्रीय प्रबंधक (परिचालन विभाग) इसी क्रम में विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार (अराजपत्रित) श्रेणी अंतर्गत जबलपुर मंडल के इंजीनियरिंग, वाणिज्य, यांत्रिक, परिचालन एवं कार्मिक विभाग के कुल 11 कर्मचारियों को उनके दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन, तकनीकी कौशल एवं सुरक्षित रेल संचालन में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त वर्ष 2024-25 के लिए जबलपुर मंडल को वाणिज्यिक, विद्युत, इंजीनियरिंग, यांत्रिक सुरक्षा, परिचालन, कार्मिक, ऊर्जा संरक्षण, रनिंग रूम प्रबंधन तथा ओवर ऑल एफिशिएंसी सहित कुल 10 विभिन्न श्रेणियों में दक्षता शील्ड प्रदान की गईं। रेल प्रशासन के अनुसार जबलपुर मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षा, सेवा गुणवत्ता एवं जनोन्मुखी कार्यों के क्षेत्र में लगातार उच्च मानक स्थापित कर रहे हैं। यह सम्मान उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति की औपचारिक मान्यता है।
