मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजेन्द्र कुमार वाणी, सांसद राहुल सिंह लोधी व विधायक जयंत मलैया रहे उपस्थित



दमोह, 25 जनवरी (रविवार)। दमोह जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्मित नवीन सभागार का आज भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ। लगभग 18 लाख रुपये की लागत से बने इस सभागार का निर्माण सांसद निधि से कराया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजेन्द्र कुमार वाणी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।विशिष्ट अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी , कार्यक्रम की अध्यक्षता दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी एवं विशिष्ट अतिथि दमोह विधायक जयंत मलैया मंचासीन रहे।
न्यायमूर्ति वाणी ने किया न्यायालय परिसर का निरीक्षण
लोकार्पण अवसर पर न्यायमूर्ति राजेन्द्र कुमार वाणी ने अधिवक्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की सराहना की। इसके पश्चात उन्होंने दमोह जिला न्यायालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और किए गए कार्यों की प्रशंसा की। न्यायमूर्ति वाणी ने कहा कि अधिवक्ता संघ के जिला अध्यक्ष द्वारा कुछ महत्वपूर्ण विषय उनके संज्ञान में लाए गए हैं, जिनके समाधान के लिए यथासंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
स्वागत भाषण और अधिवक्ताओं की बात
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा फीता काटने के पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। स्वागत भाषण प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी ने प्रस्तुत किया। इसके बाद जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष कमलेश भारद्वाज ने आयोजन, अधिवक्ताओं की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को लेकर अपनी बात रखी।
सांसद और विधायक का संबोधन
दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ताओं के मत और सहयोग से ही वे सांसद बने हैं, इसलिए सांसद निधि पर भी अधिवक्ताओं का पूरा अधिकार है। उन्होंने इस सभागार के निर्माण को अधिवक्ताओं के लिए उपयोगी बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। वहीं दमोह विधायक जयंत मलैया ने अपने उद्बोधन में कहा कि अधिवक्ताओं के हित में जो भी कार्य उनके सामर्थ्य में होगा, वे सदैव उसके लिए तैयार रहेंगे। उन्होंने भी इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
संचालन, आभार और सम्मान
कार्यक्रम का सफल संचालन अधिवक्ता दीपक श्रीवास्तव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अधिवक्ता सुरेश खत्री द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित
कार्यक्रम में न्यायाधीशगणों के साथ भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, वरिष्ठ अधिवक्ता भगवती श्रीवास्तव, ओपी श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, न्यायालयीन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवीन सभागार के निर्माण को अधिवक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण और उपयोगी सुविधा बताया।
