विश्व ब्राह्मण समाजसंघ एवं अनंत सेवान्यास के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन, राधा-कृष्ण नृत्य और लट्ठमार होली रही आकर्षण का केंद्र

इंदौर, 05 मार्च/होली पर्व के पावन अवसर पर विश्व ब्राह्मण समाजसंघ एवं अनंत सेवान्यास इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में 05 मार्च 2026 को हंसदास मठ, बड़ा गणपति के पास इंदौर में भव्य फाग उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संत-महात्माओं, समाज के गणमान्य नागरिकों तथा मातृशक्ति की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, रंग और उल्लास का वातावरण बना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना और संत-महात्माओं के आशीर्वचन के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों का आयोजकों द्वारा पुष्पमालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम में रंग-गुलाल के साथ सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और फाग उत्सव का आनंद लिया।
विश्व ब्राह्मण समाजसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री योगेंद्र महंत ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। समाज में सामाजिक समरूपता, सद्भाव और एकता का भाव निरंतर बना रहे, इसी उद्देश्य से इस फाग उत्सव का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने तथा नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में संत-महात्माओं और समाज के अनेक गणमान्यजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर महामंडलेश्वर पवनदास महाराज, गुजरात डाकौरजी के पुजारी हरिभाई, हंस पीठाधीश्वर रामचरण दास जी, सावित्री अग्रावत, श्रीमती कुंज लता वैष्णव, श्रीमती शारदा शास्त्री, आचार्य गोपाल पुजारी, राष्ट्रीय मासिक पत्रिका वैष्णव प्रभा के प्रधान संपादक आचार्य नारायण वैष्णव, इंदौर समाज संघ अध्यक्ष कृष्णदास बैरागी, बी. के. त्यागी, हरिओम वैष्णव, किरण शास्त्री, प्रकाश वैष्णव सहित बड़ी संख्या में समाजजन और मातृशक्ति उपस्थित रहे।
फाग उत्सव में भक्ति संगीत की विशेष प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रसिद्ध भजन गायक गन्नू महाराज ने अपने मधुर भजनों और फाग गीतों की प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भजनों की धुन पर श्रद्धालुओं ने रंग-गुलाल के साथ होली का आनंद लिया।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राधा-कृष्ण नृत्य प्रस्तुति और पारंपरिक लट्ठमार होली रही। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक झांकियों और नृत्य ने ब्रज की होली की झलक प्रस्तुत की, जिसे देखकर उपस्थित लोग भावविभोर हो उठे। रंगों की फुहारों और फाग गीतों के बीच पूरा परिसर उत्सवमय हो गया।
इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत अशोक चतुर्वेदी, अर्जुन भारद्वाज, राजू शर्मा, शंभूनाथ मिश्र और विनीत त्रिवेदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा आयोजकों ने सभी संत-महात्माओं, अतिथियों और उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।फाग उत्सव का यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और आध्यात्मिक वातावरण का अनूठा उदाहरण बनकर सामने आया।
