प्रशिक्षण-उन्मुखीकरण कार्यशाला में दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां

दमोह |मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के अध्यक्ष एस.एन. मिश्रा, सदस्य श्री मुकेश शुक्ला एवं सचिव अक्षय कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला एवं फील्ड स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों की प्रशिक्षण-सह-उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मसराम, सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे सहित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व एवं पुलिस), तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
जनोन्मुखी और सुलभ प्रशासन पर दिया गया जोर
आयोग के अध्यक्ष एस.एन. मिश्रा ने भौगोलिक परिस्थितियों एवं जन-अपेक्षाओं के आधार पर प्रशासनिक इकाइयों के युक्तियुक्तिकरण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जिला, तहसील, विकासखंड एवं अनुविभाग की सीमाओं के पुनर्गठन से प्रशासन को अधिक प्रभावी, जनोन्मुखी एवं सुलभ बनाया जा सकता है।
उन्होंने प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने हेतु जिलों से सुझाव एवं अनुशंसाएं आमंत्रित करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।
जिले के नवाचारों की सराहना
मिश्रा ने दमोह जिले में संचालित नवाचारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘संकट के साथी’ समूह, हेलमेट वितरण अभियान, अनुगूंज एवं विभिन्न हेल्पलाइन कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचारों को राज्य स्तर पर और अधिक प्रचारित किया जाना चाहिए ताकि अन्य जिले भी इन्हें अपनाएं।
नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता
आयोग के सदस्य मुकेश शुक्ला ने कहा कि प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के दौरान नागरिक सुविधाओं, जन-अपेक्षाओं एवं क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को विशेष रूप से ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया और आवश्यक बिंदुओं की जानकारी दी।
पारदर्शिता और दक्षता पर बल
आयोग के सचिव श्री अक्षय कुमार सिंह ने पारदर्शी एवं नागरिक-केन्द्रित प्रशासन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि केवल सीमाओं तक सीमित न रहते हुए प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उपायों पर भी सुझाव दिए जाएं।
उन्होंने प्रशिक्षण, पोर्टल, तकनीक एवं मानव संसाधन के बेहतर उपयोग पर अधिकारियों से सुझाव मांगे तथा ब्लॉक एवं ग्राम स्तर के कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने।
जिला समय-सीमा में भेजेगा प्रस्ताव
कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर ने आयोग द्वारा दी गई मार्गदर्शक जानकारियों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यशाला से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आधार पर जिला प्रशासन समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण प्रस्ताव आयोग को भेजेगा।
उन्होंने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से जिले में संचालित योजनाओं एवं उल्लेखनीय गतिविधियों की जानकारी भी साझा की।
पौधरोपण कर किया गया स्वागत
कार्यशाला के प्रारंभ में आयोग के अध्यक्ष, सदस्य एवं सचिव का कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ द्वारा पौध भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यशाला में नोडल अधिकारी द्वारा पीपीटी के माध्यम से विषयवस्तु प्रस्तुत की गई।
