
दमोह, 31 जनवरी।किसी भी बीमारी के सफल उपचार के लिए समय पर चिकित्सकीय सलाह और उचित इलाज अत्यंत आवश्यक है। सही समय पर किया गया उपचार न केवल रोग को गंभीर होने से रोकता है, बल्कि मरीज को बेहतर जीवन भी प्रदान करता है। यह बात सुप्रसिद्ध ऑर्थो सर्जन डॉ. विकास सावला ने दमोह में आयोजित एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर के दौरान कही।डॉ. सावला ने कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि ऑर्थोपेडिक एवं फिजियोथेरेपी एक-दूसरे के पूरक हैं और बेहतर परिणाम के लिए चिकित्सकों के बीच समन्वय आवश्यक है। अपने उद्बोधन में उन्होंने चिकित्सकों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी सरल भाषा में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
यह निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर शेल्बी हॉस्पिटल जबलपुर, युवक क्रांति संगठन एवं सम्यक हेल्थ केयर सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय प्यासी मंदिर कॉम्पलेक्स में आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 300 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता भगवती श्रीवास्तव, डॉ. संजय शेरेकर, डॉ. संजय जैन, जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. विक्रम शाह, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री अनिल अठया, विधायक जयंत कुमार मलैया एवं पूर्व विधायक अजय टंडन ने शिविर की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। प्रारंभ में आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। संयोजक सुधीर विद्यार्थी ने युवक क्रांति संगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों की जानकारी दी। वहीं संयोजक डॉ. अखिलेश जैन ने बताया कि शिविर में आए मरीजों को आगे भी सम्यक हेल्थ केयर सेंटर में निःशुल्क परामर्श की सुविधा दी जाएगी।
डिपार्टमेंट ऑफ न्यूरोसर्जरी के डॉ. एस.के. शेरेकर ने न्यूरो संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए सामाजिक स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
महिला शाखा की उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा बजाज एवं सचिव श्रीमती रेखा सिंघई ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। इस दौरान अतिथियों को औषधीय पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
शिविर में डॉ. राहुल राजपूत, डॉ. सुधीर, डॉ. शिवानी, सहित अन्य चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में कोषाध्यक्ष सौरभ विद्यार्थी ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
