दमोह : 08 फरवरी 2026/प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी के मार्गदर्शन में नोहलेश्वर महोत्सव मेला 2026 का भव्य आयोजन नोहटा स्थित नोहलेश्वर मंदिर परिसर में 5 फरवरी से 15 फरवरी तक किया जा रहा है। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि बुंदेलखंड की लोकसंस्कृति, कला और परंपराओं का जीवंत उत्सव भी बन गया है।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने बताया कि नोहलेश्वर महोत्सव मेले में इस वर्ष दर्शकों के मनोरंजन एवं आकर्षण के लिए अनेक विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मेले में एडवेंचर एक्टिविटी, जलपरी शो, मारुति सर्कस, भूत बंगला, 28 सीटर बड़ा झूला, आकर्षक दुकानें, विभिन्न शासकीय विभागों की प्रदर्शनी, बुंदेली व्यंजन, गांव की रसोई तथा प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बुंदेलखंड का लोकगीत-राई, भक्ति गायन, सांस्कृतिक एवं बुंदेली प्रतियोगिताएं, कवि सम्मेलन तथा स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इसके साथ ही 06 फरवरी से 10 फरवरी तक सुप्रसिद्ध बुंदेली कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने जिलेवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे नोहलेश्वर महोत्सव में परिवार सहित पहुंचकर मेले का आनंद लें और कलाकारों का उत्साहवर्धन करें, जिससे हमारी लोकसंस्कृति और परंपराओं को और अधिक मजबूती मिल सके।
11 फरवरी से बड़े कलाकारों की प्रस्तुतियां
राज्य शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में 11 फरवरी को सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर, 12 फरवरी को सुप्रसिद्ध गायिका अभिलिप्सा पंडा, 13 फरवरी को 150 से अधिक कलाकारों के साथ सुप्रसिद्ध फिल्मी कलाकार पुनीत इस्सर ग्रुप, 14 फरवरी को हरिओम पवार एवं ग्रुप द्वारा कवि सम्मेलन तथा 15 फरवरी को सुप्रसिद्ध गायिका आशा वैष्णव द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी।
