सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
दमोह : 10 फरवरी /माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने आज प्रातः 10:00 बजे जिला मुख्यालय स्थित जेपीबी स्कूल में स्थापित जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कोचर ने कंट्रोल रूम में स्थापित उन्नत सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने जिले के समस्त परीक्षा केंद्रों से जुड़े लाइव कैमरा फीड की समीक्षा करते हुए परीक्षा संचालन की स्थिति, परीक्षा कक्षों की गतिविधियों एवं परीक्षार्थियों की उपस्थिति पर नजर रखी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नकल-मुक्त एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, तकनीकी समस्या अथवा अनुचित गतिविधि की स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात अमले की जिम्मेदारी तय की जाए तथा सभी केंद्रों पर समान रूप से नियमों का पालन सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य इन परीक्षाओं से जुड़ा है, इसलिए प्रशासन की ओर से कोई भी लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी, रिकॉर्डिंग व्यवस्था, तकनीकी टीम की तैनाती एवं आपात स्थिति में त्वरित समन्वय व्यवस्था की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि परीक्षाओं के अंतिम दिन तक निगरानी व्यवस्था पूरी सतर्कता के साथ संचालित की जाए।इस अवसर पर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, परीक्षा प्रभारी, तकनीकी स्टाफ एवं कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी उपस्थित रहे।
