नगर पालिका-लोक निर्माण और संबंधित अधिकारियों को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश

दमोह: 20 जनवरी / गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) कार्यक्रम के मद्देनजर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के साथ स्थानीय स्टेडियम परेड मैदान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर श्री कोचर ने व्हीआईपी व्यवस्था के आगमन, पंडाल व्यवस्था, मंच स्थल, पार्किग स्थल आदि का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने सीएमएचओ को तीन स्थानों पर स्वास्थ्य कैम्प लगाने के निर्देश दिये। पंडाल व्यवस्था व्यवस्थित करने के साथ पार्किग स्थल पर समतली करण करने के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर एसडीएम आरएल बागरी, सीएमएचओ आरके अठ्या, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेन्द्र सिंह लोधी, एसडीओ लोक निर्माण वर्षा मिश्रा, यातायात प्रभारी दलबीर सिंह मार्को, परेड कमांडर अभिनव साहू सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री कोचर ने कहा गणतंत्र दिवस में 5-6 दिन का समय शेष है। तैयारियों संतोषजनक पाई गई हैं। 24 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसमें हर बारीकी को फिर से परखा जाएगा। हॉकी टर्फ के पास वाले क्षेत्र की सफाई कराकर उसे समतल किया गया है, ताकि वहां टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था हो सके। इस बार मैदान में तीन तरफ टेंट लगाए जा रहे हैं। इससे आम जनता और परेड/पीटी में शामिल होने वाले बच्चों को धूप में खड़े रहने की समस्या नहीं होगी। मैदान के तीन अलग-अलग कोनों में हेल्थ काउंटर और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पीडब्लूडी के माध्यम से पूरे परिसर, गेट की मरम्मत और पेंटिंग का काम कराया गया है। मुख्य मंच की चौड़ाई बढ़ाई गई है और उसके पीछे के स्ट्रक्चर को भी सजाया गया है। सूरज की सीधी रोशनी से बचने के लिए चारों तरफ ‘छज्जा’ निकाला जाएगा। मैदान के दोनों तरफ दो बड़ी वीडियो वॉल लगाई जा रही हैं, ताकि दूर बैठे लोग भी कार्यक्रम को स्पष्ट रूप से देख सकें।पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कहा गणतंत्र दिवस की यहाँ पर व्यवस्था का आज एक रिव्यू किया है। जिसमें वीआईपी मूवमेंट, आम जनता के आने के रास्ते, पार्किंग और ओवरऑल व्यवस्था में कहाँ-कहाँ सुरक्षा देनी है और किस तरीके से हम वीआईपी का स्टेज तक मूवमेंट कराएँगे। उन्होंने कहा आम जनता को बिना किसी दिक्कत के उनके बैठने के स्थान तक लेके आने की जो व्यवस्था रहने वाली है, उस पर चर्चा हुई है।
उन्होने बताया कुछ नए इसमें सुझाव जो दिए गए थे, उन पर इंप्लीमेंटेशन हुआ है, जो अभी फ़ौरी तौर पर जो काम हो सकते थे, वो कम्पलीट किए जा चुके हैं और मुझे लगता है कि सुरक्षा को लेकर हमारी त्रि-स्तरीय सुरक्षा होती है, जो ग्राउंड में होती है, एक बाहर होती है और एक बाकी जो हम चेकिंग लगाते हैं, तो उनके संबंध में पिछले साल की जो व्यवस्था रही है, उससे और बेहतर व्यवस्था देंगे और जो पूरा प्रोग्राम है, उसको अच्छे तरीके से संपन्न करवाएँगे।
