दमोह : 12 फरवरी /मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 फरवरी, शुक्रवार को दमोह जिले के नोहटा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। वे नोहलेश्वर महोत्सव, कृषि प्रदर्शनी एवं किसान सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:20 बजे भोपाल से हवाई जहाज द्वारा जबलपुर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर 1:00 बजे जबलपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा दमोह जिले के नोहटा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत देवरी हेलीपैड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 1:25 बजे हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल के लिए प्रस्थान कर नोहटा में आयोजित नोहलेश्वर महोत्सव मेला, कृषि प्रदर्शनी एवं किसान सम्मेलन में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम में वे किसानों को संबोधित करेंगे तथा कृषि से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं नवाचारों पर चर्चा करेंगे। दोपहर 3:00 बजे मुख्यमंत्री नोहटा देवरी हेलीपैड से बागेश्वर धाम, जिला छतरपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

कमिश्नर सुचारी एवं आईजी डॉ. खन्ना ने लिया तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में सागर संभाग के कमिश्नर श्री अनिल सुचारी एवं आईजी पुलिस डॉ. हिमानी खन्ना ने ग्राम देवरी हरदुआ (नोहटा) में बनाए गए हेलीपैड, नोहलेश्वर मंदिर परिसर तथा महोत्सव कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों, यातायात प्रबंधन एवं मंच संचालन से संबंधित तैयारियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री प्रवीण फुलपगारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
