दमोह,/ मध्यप्रदेश के दमोह नगर में बिजली चोरी की शिकायत पर कार्यवाई करते हुये विद्युत मंडल के अधिकारियों ने दर्जनों हीटरों को जप्त किया है। नगर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र सुल्लतानी एवं करके मुहल्ला में हुई कार्यवाई के दौरान काफी बडी तादाद में चोरी के मामले सामने आये हैं। उक्त कार्यवाई के प्रारंभ होते ही क्षेत्र में हडकंप मच गया एवं तरह-तरह की चर्चायें बिजली चोरी एवं अवैध कनेक्शनों को होती रही। पिछले लम्बे अरसे से क्षेत्र में बार-बार लाईट गोल होेने की सूचना प्राप्त हो रही थी बिजली विभाग के अधिकारियों ने इस बात को गंभीरता से लेते हुये जांच प्रारंभ की तो चैकाने वाले तथ्य सामने आये। जिसको लेकर क्षेत्र में जाकर बडी कार्यवाई की गयी और भारी मात्रा में हीटरों को जप्त किया गया तथा बिजली चोरी के मामलों को बनाने की प्रक्रिया की गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यपालन अभियंता एम.एल. साहू के निर्देश पर तथा सहायक अभियंता राघवेन्द्र इडिपाचे के मार्गदर्शन में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के लिए कनिष्ठ अभियंता श्रीमती पूजा खोब्रागडे, कनिष्ठ अभियंता कु. शिवानी गुप्ता, लाइनमेन एवं आउटसोर्स कर्मचारियों की संयुक्त टीम गठित की गई। अधिकारियों की माने तो चेकिंग के दौरान सुल्तानी मोहल्ला एवं करके मोहल्ला में बड़ी संख्या में घरों में अत्यधिक लोड वाले हीटर चलते पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कई स्थानों पर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था, जिससे न केवल ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक दबाव पड़ा बल्कि केबल टूटने और बार-बार फॉल्ट की स्थिति निर्मित हुई।
हीटर जप्त और प्रकरण दर्ज-

विद्युत विभाग की टीम द्वारा मौके से चोरी की बिजली से चल रहे दर्जनों हीटर जब्त किए गए तथा विधिवत पंचनामा तैयार कर संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान कुछ उपभोक्ताओं द्वारा हीटर हटाने का प्रयास भी किया गया, किंतु विभागीय टीम ने सतर्कता बरतते हुए साक्ष्यों के आधार पर जप्ती एवं प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की।
क्या कह रहे अधिकारी-
सहायक अभियंता राघवेन्द्र इडिपाचे ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्दी के मौसम में हीटरों के अत्यधिक उपयोग से अनावश्यक लोड बढ़ रहा है, जिसके कारण ट्रांसफार्मर, केबल एवं अन्य विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। वास्तविक कारणों की जांच के लिए जब मौके पर निरीक्षण किया गया तो बड़े पैमाने पर बिजली चोरी के मामले सामने आए। ऐसे सभी मामलों में विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर जप्ती की कार्रवाई की गई है।
कार्यपालन अभियंता एम.एल.साहू ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की सघन चेकिंग एवं कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें तथा अनावश्यक लोड से बचें, ताकि क्षेत्र में निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
