टीम उम्मीद ने प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में चलाया 14वां साप्ताहिक स्वच्छता अभियान

दमोह 8 Feb 2026/धार्मिक स्थलों की पवित्रता और गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से टीम उम्मीद द्वारा निरंतर चलाए जा रहे साप्ताहिक स्वच्छता अभियानों की श्रृंखला में रविवार को 14वां स्वच्छता अभियान प्राचीन हनुमान मंदिर, खेजरा परिसर में संपन्न हुआ।
सुबह 8 बजे से 10 बजे तक चले इस अभियान में मंदिर परिसर एवं उसके आसपास फैली गंदगी को साफ किया गया। अभियान का नेतृत्व जिले के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं टीम उम्मीद प्रमुख हरीश पटेल ने किया।
देवस्थानों पर गंदगी फैलाना हमारी आस्था के विपरीत
इस अवसर पर हरीश पटेल ने कहा कि समाज में स्वच्छता को लेकर अभी भी जागरूकता की कमी है। लोग पूजा-अर्चना के बाद नारियल के जूट, फूल-मालाएं, मिठाई के खाली पैकेट, तेल, गुलाब जल एवं पानी की खाली शीशियां मंदिर परिसर के आसपास फेंककर चले जाते हैं, जिससे भारी मात्रा में गंदगी फैलती है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह हम अपने घरों में स्थित देवस्थानों को स्वच्छ रखते हैं, उसी तरह सार्वजनिक देवस्थानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखना भी हमारा नैतिक दायित्व है। भक्ति के साथ स्वच्छता अपनाने से ही सच्ची श्रद्धा प्रकट होती है।
युवाओं ने दिया सकारात्मक संदेश
टीम उम्मीद के युवा सदस्य कृष्णा पटेल ने कहा कि श्रद्धालु जब देवस्थानों पर अपनी मनोकामना लेकर आते हैं, तो वहां गंदगी फैलाकर जाना उचित नहीं है।
वहीं दीपक राजपूत ने कहा कि मंदिर शांति और सुकून के प्रतीक होते हैं, लेकिन गंदगी फैलाकर हम ईश्वर से मनचाहा फल पाने की अपेक्षा नहीं कर सकते।
टीम सदस्य राकेश राठौर ने कहा कि मंदिर भी भगवान का घर है और जिस प्रकार हम अपने घर के आसपास साफ-सफाई रखते हैं, उसी प्रकार हमें मंदिर परिसरों को भी स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना चाहिए, साथ ही गंदगी फैलाने वालों को रोकना भी आवश्यक है।
20 बड़ी प्लास्टिक थैलियों में भरा कचरा
करीब दो घंटे चले इस स्वच्छता अभियान में लगभग 20 बड़ी प्लास्टिक थैलियों में कचरा एकत्रित किया गया। टीम ने बताया कि मंदिर परिसर के आसपास अभी भी काफी मात्रा में कचरा फैला हुआ है, जिसे देखते हुए आगामी सप्ताह पुनः स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
श्रद्धालुओं ने की पहल की सराहना
स्वच्छता अभियान के दौरान मंदिर दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं एवं राहगीरों ने टीम उम्मीद के प्रयासों की सराहना की तथा स्वयं भी स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। अभियान में टीम उम्मीद के राकेश राठौर, कृष्णा पटेल, माधव पटेल, शिवम सोनी, महेंद्र सिंह लोधी, मनोज गुप्ता, जितेंद्र अहिरवाल, दीपक राजपूत, अर्जुन प्रताप सिंह, योगेन्द्र सिंह, दीपेश अहिरवाल तथा नगर पालिका से असद शेख की सक्रिय सहभागिता रही।
