दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने टीकमगढ़ में पत्रकार वार्ता कर गिनाईं बजट की प्रमुख उपलब्धियां
टीकमगढ़ 07 Feb/केंद्रीय बजट वर्ष 2026-27 को लेकर दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने मंगलवार को जिला टीकमगढ़ स्थित सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत इस बजट को देश की आर्थिक मजबूती, सामाजिक समरसता और समग्र विकास का स्पष्ट रोडमैप बताया।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन द्वारा प्रस्तुत यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आम नागरिक, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला दूरदर्शी बजट है। यह बजट भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूती प्रदान करता है।
शिक्षा और उच्च शिक्षा में ऐतिहासिक निवेश
पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद लोधी ने बताया कि बजट में शिक्षा और उच्च शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और शोध एवं नवाचार के लिए नए प्रावधान किए गए हैं। इससे युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनने का अवसर मिलेगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त करने पर जोर
उन्होंने कहा कि बजट में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक सुविधाओं के उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और आम नागरिकों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
रोजगार और कौशल विकास को नई दिशा
सांसद लोधी ने बताया कि बजट में युवाओं के लिए रोजगार सृजन और कौशल विकास को केंद्र में रखा गया है। स्टार्टअप्स, एमएसएमई और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने से नए रोजगार अवसर पैदा होंगे। इससे आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को और मजबूती मिलेगी।
किसान, महिला और मध्यम वर्ग के लिए राहत
उन्होंने कहा कि बजट में किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और मध्यम वर्ग को राहत देने वाले प्रावधान किए गए हैं। कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाकर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं, वहीं महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विशेष योजनाएं भी शामिल की गई हैं।
विकसित भारत की ओर निर्णायक कदम
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि यह बजट देश के आर्थिक विकास को गति देने के साथ-साथ सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को सुनिश्चित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय बजट 2026-27 भारत को आत्मनिर्भर, मजबूत और विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भाजपा पदाधिकारी एवं पत्रकार रहे उपस्थित
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती सरोज राजपूत, भाजपा जिला महामंत्री एवं बजट कार्यक्रम के जिला संयोजक आशुतोष भट्ट, जिला उपाध्यक्ष मनोज देवलिया, जिला मीडिया प्रभारी स्वप्निल तिवारी, प्रफुल्ल द्विवेदी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
