मेला अवधि में रहेंगी चाक-चौबंद व्यवस्थाएं – कलेक्टर कोचर
गर्भगृह में प्रवेश नहीं, बाहर से होंगे दर्शन
400 से 500 पुलिस बल तैनात, सीसीटीवी व बैरिकेडिंग मजबूत – एसपी सोमवंशी

दमोह, 04 फरवरी 2026/आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर बांकदपुर में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा हेतु कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के साथ बैठक की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, मंदिर ट्रस्ट प्रबंधन एवं ट्रस्टीगण उपस्थित रहे। कलेक्टर कोचर ने महाशिवरात्रि पर्व से जुड़ी व्यवस्थाओं पर एक-एक बिंदु पर विस्तार से चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि 15 फरवरी से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मेला अवधि के दौरान पार्किंग, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के ठहरने, कांवड़ियों की सुविधा तथा दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या हर वर्ष लगातार बढ़ रही है, ऐसे में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा ताकि दर्शनार्थियों को सुरक्षित, सुगम और सुखद अनुभव प्राप्त हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश नहीं दिया जाएगा और बाहर से ही दर्शन की व्यवस्था रहेगी। पिछली बार की तरह इस बार भी भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या भगदड़ की स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बांकदपुर पहुंचते हैं, जिनमें कांवड़िये और स्थानीय श्रद्धालु शामिल रहते हैं। पुलिस प्रशासन का प्रयास रहेगा कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से दर्शन कराए जा सकें। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव मंदिर प्रबंधन को दिया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए इस बार बैरिकेडिंग को और पुख्ता किया जा रहा है। महाशिवरात्रि पर्व के दौरान 400 से 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। बैठक के दौरान मंदिर परिसर एवं मार्गों का निरीक्षण भी किया गया। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष सुरेश मेहता, उपाध्यक्ष राजकुमारी सिंह, सचिव पंकज हर्ष श्रीवास्तव, प्रबंधक पं. रामकृपाल पाठक, सदस्य उमा प्रसाद असाटी एवं गोविंद तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
