15 दिनों में पांच तहसीलों में छापेमारी, कई वाहन जब्त, दर्ज हुए प्रकरण

दमोह | 02 फरवरी 2026/कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के स्पष्ट निर्देशों के बाद जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। बीते 15 दिनों के भीतर हटा, बटियागढ़, पटेरा, जबेरा और दमोह तहसील क्षेत्रों में सघन भ्रमण व जांच अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की गई है। इस दौरान कई प्रकरण दर्ज कर वाहनों को जब्त किया गया है।
खनिज विभाग के अनुसार तहसील हटा के ग्राम मलवारा में अवैध मिट्टी उत्खनन की शिकायत मिलने पर 17 जनवरी को स्थल निरीक्षण किया गया। जांच में बिना अनुमति खनन की पुष्टि होने पर ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार कर नियमानुसार प्रकरण दर्ज किया गया। साक्ष्य के रूप में फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई।
बिना दस्तावेज परिवहन पर तत्काल कार्रवाई
तहसील बटियागढ़ के ग्राम मगरोन में 21 जनवरी को आकस्मिक जांच के दौरान बिना नंबर के आयशर ट्रैक्टर से गिट्टी का परिवहन करते पाए जाने पर वाहन को जब्त कर थाना मगरोन में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। वाहन के पास कोई वैध अभिवहन पारपत्र नहीं पाया गया।
इसी क्रम में पटेरा तहसील अंतर्गत ग्राम पाला अर्जुनी के व्यारमा नदी क्षेत्र में 22 जनवरी को पत्थर का अवैध उत्खनन करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई। चालक से पूछताछ में खनन की कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की जा सकी, जिसके बाद वाहन जब्त कर थाना पटेरा में खड़ा किया गया।

रेत व मुरूम के अवैध परिवहन पर भी शिकंजा
22 जनवरी की सुबह जबेरा तहसील के ग्राम अर्थखेड़ा में बिना नंबर के ट्रैक्टर द्वारा रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर वाहन को जब्त कर थाना नोहटा में सुरक्षार्थ खड़ा किया गया।
वहीं दोपहर में दमोह तहसील के बायपास रोड आमचौपरा क्षेत्र में डंपर क्रमांक MP15HA0637 द्वारा मुरूम का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों के किए जाने पर वाहन को थाना कोतवाली में जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
कलेक्टर श्री कोचर के निर्देशानुसार खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस प्रकार की सघन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
