50 से अधिक लोगों ने थाने में की शिकायत

दमोह। जिले के पटेरा थाना अंतर्गत ग्राम देवडोंगरा क्षेत्र में 1100 केवी विद्युत लाइन में जानबूझकर फॉल्ट कर बिजली आपूर्ति बाधित किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि देवडोंगरा निवासी नरेंद्र सिंह राजपूत, पिता भारत सिंह राजपूत द्वारा अलग-अलग स्थानों पर गाड़ी की चेन डालकर हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट कराया गया, जिससे देवडोंगरा, देवरी ककरान, भरतला और निमरमुण्डा सहित आसपास के गांवों की बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। ग्रामीणों के अनुसार घटना 01 फरवरी 2026 की रात लगभग 7:30 बजे की है। फॉल्ट के कारण करीब 40 साल पुराने ट्रांसफॉर्मर सहित कई विद्युत उपकरण जलकर खराब हो गए। इससे न केवल शासकीय संपत्ति को भारी नुकसान हुआ, बल्कि गांवों में अंधेरा छा गया। इस घटना का सबसे ज्यादा असर प्री-बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों पर पड़ा है। बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिससे अभिभावकों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि परीक्षा के संवेदनशील समय में इस तरह की हरकत बच्चों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। घटना से विद्युत मंडल के कर्मचारी भी भयभीत हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी के आतंक के चलते कर्मचारी गांव में फॉल्ट सुधारने जाने से भी कतरा रहे हैं। मामले को लेकर करीब 50 से अधिक ग्रामीणों ने पटेरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही श्रीमान पुलिस अधीक्षक दमोह एवं माननीय कलेक्टर दमोह से आरोपी के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाए तथा दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
