भाजपा प्रदेश कार्यालय भोपाल में हुई बैठक, गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 40 रुपये बोनस के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार
भोपाल, 06 मार्च/भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय भोपाल में शुक्रवार को भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने संबोधित किया। इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी. पटेल भी उपस्थित रहे।बैठक में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किसानों को वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिए जाने के निर्णय पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने इसे किसानों के लिए बड़ी राहत और महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के समग्र विकास तथा कृषि को उद्योग और रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने किसानों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 मार्च कर दी है, जिससे अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस के साथ अब किसानों को समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने पर 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान प्राप्त होगा, जो किसानों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों के साथ किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षजयपाल सिंह चावड़ा ने बैठक में कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में तैयारी कर रही है। उन्होंने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर किसानों को सरकार की योजनाओं और निर्णयों की जानकारी दें तथा उन्हें बताएं कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में वर्ष 2028 तक 2700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदने का संकल्प लिया है और सरकार इस दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। बैठक में यह भी बताया गया कि मध्यप्रदेश को देश का फूड बास्केट कहा जाता है, जहां दलहन, तिलहन और सब्जियों का उत्पादन बड़ी मात्रा में होता है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार किसान हितैषी निर्णय ले रही है।
बैठक में किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी श्री मनोरंजन मिश्रा सहित मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
