दमोह, 06 मार्च 2026/वर्ष 2026-27 के लिए जिले में मदिरा दुकानों के निष्पादन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मध्यप्रदेश आबकारी विभाग द्वारा जारी निर्देशों तथा 20 फरवरी 2026 को प्रकाशित मध्यप्रदेश शासन के राजपत्र के अनुसार प्रथम चरण बैच-3 के अंतर्गत दमोह जिले में मदिरा दुकानों के लिए ई-टेंडर प्रक्रिया 6 मार्च से प्रारंभ होकर 7 मार्च तक संचालित की जा रही है। इस चरण में जिले के कुल 5 मदिरा समूहों की दुकानों का निष्पादन ई-टेंडर तथा ई-टेंडर कम ऑक्शन की प्रक्रिया के माध्यम से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।जिला आबकारी अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि ई-टेंडर (ई-टेंडर एवं ई-टेंडर कम ऑक्शन) के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रपत्र डाउनलोड करने तथा ऑफर सबमिट करने की प्रक्रिया 6 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से प्रारंभ हो चुकी है, जो 7 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगी। निर्धारित समयावधि में इच्छुक व्यक्ति, फर्म, कंपनी या कंसोर्टियम ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि ई-टेंडर कम ऑक्शन के प्रपत्र 7 मार्च को दोपहर 2 बजकर 05 मिनट से खोले जाएंगे। इसके बाद ई-टेंडर कम ऑक्शन की बोली प्रक्रिया दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित की जाएगी। यदि बोली के दौरान अंतिम 15 मिनट में कोई नई बोली लगाई जाती है, तो प्रक्रिया की समय सीमा अगले 15 मिनट के लिए स्वतः बढ़ा दी जाएगी। ई-टेंडर खोलने की प्रक्रिया संबंधित समूह के ऑक्शन समाप्त होने तक या 7 मार्च 2026 की शाम 6 बजे तक (जो भी बाद में हो) जारी रहेगी।
जिला समिति द्वारा ई-टेंडर तथा ई-टेंडर कम ऑक्शन के माध्यम से मदिरा दुकानों के निराकरण की पूरी प्रक्रिया ई-टेंडर खोलने की कार्रवाई पूर्ण होने तक जारी रखी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया से मदिरा दुकानों के आवंटन में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित होगी।जिला आबकारी अधिकारी ने यह भी बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए ई-टेंडर के साथ जमा की जाने वाली धरोहर राशि, ड्यूटी की दर तथा मदिरा दुकानों में देशी और विदेशी मदिरा की वर्तमान वित्तीय वर्ष के 9 माह की खपत से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय दमोह से किसी भी दिन, अवकाश दिवस सहित, कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि मदिरा दुकानों के निष्पादन से संबंधित विज्ञप्ति एवं अन्य आवश्यक जानकारी मध्यप्रदेश शासन के आबकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://excise.mp.gov.in पर भी उपलब्ध है, जहां से इच्छुक आवेदक इसे डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदन की प्रक्रिया राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के पोर्टल https://mptenders.gov.in के माध्यम से पूरी की जाएगी, जहां निर्धारित शुल्क एवं धरोहर राशि ऑनलाइन जमा कर ई-टेंडर में भाग लिया जा सकता है।
