जबलपुर, 03 मार्च 2026/भारतीय रेलवे ने होली पर्व के अवसर पर सभी रेलवे जोनों में सुनियोजित एवं समन्वित व्यवस्था के माध्यम से यात्रियों की सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित की है। रेलवे अधिकारी प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेलवे ने जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं की हैं, विशेषकर उत्तर भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए। जबलपुर, भोपाल और कोटा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, हेल्प डेस्क बूथ, खान-पान स्टॉल तथा अतिरिक्त टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को परेशानी-मुक्त यात्रा का अनुभव मिल सके।
होली सीजन के दौरान बढ़ी हुई यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने फरवरी के अंतिम सप्ताह से मार्च माह तक होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है। 25 फरवरी से रानी कमलापति, जबलपुर और कोटा जैसे प्रमुख स्टेशनों से रीवा, निजामुद्दीन, अयोध्या धाम, दानापुर और मथुरा सहित विभिन्न गंतव्यों के लिए 41 ट्रिप स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों में आरक्षित एवं अनारक्षित दोनों प्रकार के कोचों की व्यवस्था की गई है, जिससे कामकाजी पेशेवरों, छात्रों एवं दैनिक वेतनभोगियों सहित बड़ी संख्या में यात्रियों को कन्फर्म सीट उपलब्ध हो सकी है।
भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष उपाय किए गए हैं। स्टेशनों पर विशेष ट्रेनों की नियमित घोषणाएं, इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से रीयल-टाइम सूचना, यात्रियों के मार्गदर्शन हेतु अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती तथा ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) एवं आधिकारिक मोबाइल ऐप के माध्यम से टिकट खरीदने के लिए प्रोत्साहन दिया गया। साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक सूचना प्रसारित की गई।सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और टिकट जांच स्टाफ तैनात किए गए हैं। फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा ट्रेनों के भीतर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित रूप से चढ़ने-उतरने में सुविधा हो।
कोटा मंडल ने आरपीएफ के समन्वित प्रयासों से कोटा एवं सोगरिया स्टेशनों पर त्योहारों की भीड़ को सुव्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया। वहीं भोपाल मंडल में होल्डिंग एरिया, एटीवीएम की तैनाती, बोतलबंद पेयजल की उपलब्धता तथा रीयल-टाइम निगरानी हेतु वॉर रूम की स्थापना जैसी व्यवस्थाएं की गईं।यात्रियों ने पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा की गई तैयारियों और भीड़ प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षित बोर्डिंग व्यवस्था और स्पष्ट मार्गदर्शन से उनकी यात्रा सुगम और तनावमुक्त रही।पश्चिम मध्य रेलवे पीक सीजन के दौरान यात्रियों की मांग पर निरंतर नजर बनाए हुए है तथा सुरक्षित, कुशल और यात्री-अनुकूल सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
