
दमोह | 28 फरवरी 2026/मध्य प्रदेश के दमोह जिले में 9 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। रिश्तों को कलंकित करने वाले इस मामले में पुलिस ने आरोपी मुंहबोले दादा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।परिजनों के अनुसार, आरोपी बच्ची को बहाने से अपने साथ ले गया था। कुछ समय बाद बच्ची गंभीर अवस्था में मिली। खून से सनी हालत में उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया ने बताया कि बच्ची की मां की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।पुलिस के अनुसार, घटना 27 फरवरी की देर रात की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच को प्राथमिकता दी गई है।इस हृदयविदारक घटना से जिले में आक्रोश का वातावरण है। सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित होगी तथा दोष सिद्ध होने पर कठोरतम कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
नोट: पीड़िता की पहचान कानूनन गोपनीय रखी गई है।
