अवैध कनेक्शन काटने की कार्रवाई के दौरान मारपीट, 5 नामजद सहित 2 अज्ञात पर मामला दर्ज
दमोह, 20 फरवरी/नगर के गढ़ी मोहल्ला क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची विद्युत वितरण कंपनी की टीम पर स्थानीय लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और पत्थरबाजी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
लाइन लॉस और अवैध कनेक्शन पर चल रहा था विशेष अभियान
विद्युत मंडल के कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू ने बताया कि क्षेत्र से लगातार अवैध कनेक्शन और अत्यधिक लाइन लॉस की शिकायतें मिल रही थीं। विभाग द्वारा पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बावजूद सुधार नहीं होने पर विशेष अभियान चलाया गया।शुक्रवार 20 फरवरी को कनिष्ठ अभियंता राजेश ब्यार, पूजा खोबरागढ़े, शिवानी गुप्ता,लाइनमैन गुरुदीप सिंह, शैलेंद्र तिवारी एवं हेमराज रजक की टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से डाले गए तार हटाने की कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई का विरोध, कर्मचारियों पर हमला
बताया गया है कि जैसे ही टीम ने अवैध कनेक्शन काटना शुरू किया, कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध अचानक उग्र हो गया और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की एवं गाली-गलौज की गई।आरोप है कि कर्मचारियों पर पत्थर फेंके गए और जान से मारने की धमकी दी गई। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारी मौके से किसी तरह जान बचाकर निकले।
वीडियो हुआ वायरल
घटना के दौरान कर्मचारियों ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और विभागीय कर्मचारियों में रोष देखा जा रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित कर्मचारियों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे ने बताया कि 5 नामजद एवं 2 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विभाग का स्पष्ट संदेश—चोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
